• fulldetail

नकली नोटों की पहचान होगी अब डिजिटल तकनीक से, RBI ने शुरू की तैयारी...

8 May 2019 | 12.10 PM

नई दिल्ली: नकली नोटों की समस्या से परेशान सरकार अब इनकी पहचान करने के लिए डिजिटल तकनीक पर काम कर रही है। वित्त मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सरकार ने मोबाइल फोन से नकली नोटों की पहचान के लिए एक ऐप बनाने की तैयारी कर ली है। सरकार ने इस ऐप को बनाने की जिम्मेदारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को सौंपी है।

एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू

वित्त मंत्रालय के अधिकारी के अनुसार, नकली नोट की पहचान के लिए ऐप बनाने वाली एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारी का कहना है कि एजेंसी का चयन होते ही ऐप के तैयार होने की जानकारी मिल जाएगी। एक बार ऐप तैयार होने के बाद कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए ऐप की मदद से नकली नोटों की पहचान कर सकेगा।

दृष्टिबाधितों के लिए भी बन रहा नया ऐप

भारतीय रिजर्व बैंक नोट पहचानने के उद्देश्य से दृष्टिबाधितों के लिए एक विशेष ऐप बना रहा है। वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, दृष्टिबाधितों के लिए बन रहे इस ऐप में भी नकली नोट पहचानने की सुविधा प्रदान की जा सकती है। दृष्टिबाधितों के लिए बन रहा ऐप बताएगा कि यह नोट भारतीय है और कितने रुपए का है।

कैमरे की मदद से काम करेगा ऐप

जानकारी के अनुसार, दृष्टिबाधितों के लिए बन रहा ऐप नोट को कैमरे के सामने रखते ही बोलकर उसकी कीमत की जानकारी देगा। साथ ही एक ऐसा सिस्टम भी बनाया जा रहा है कि दृष्टिबाधित के साथ बधिर व्यक्ति को भी ऐप की मदद से नोट की जानकारी मिल सके।

Comment Here