• fulldetail

महिलाओं को मिलता है होम लोन लेने में खास फायदा, जानिए क्या?

15 November 2019 | 1.16 PM

नई दिल्ली: अगर घर लेना है तो महिलाओं के नाम से लें, क्योंकि इनके नाम पर होम लोन सस्ते में लिया जा सकता है। देश में कई बैंक और वित्तीय संस्थान महिलाओं को सस्ता आवास ऋण देते हैं। होम लोन क्योंकि लम्बे समय के लिए होते हैं, ऐसे में आधा या पौन फीसदी की ब्याज में कमी पूरे लोन पर काफी असर डालती है और फायदा कराती है। महिला चाहे ग्रहणी हो या नौकरीपेशा या सेल्फ इंप्लाइड, वह इस सस्ते होम लोन का फायदा उठा सकती है। हालांकि ब्याज दर में छूट के लिए ऐसे लोन में पहला नाम महिला का होना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर कम ब्याज दर का फायदा नहीं मिलेगा।

एसबीआई में कितनी छूट

एसबीआई इस वक्त 30 लाख रुपये का लोन 8.20 फीसदी की दर से दे रहा है। वहीं 30 लाख रुपये से लेकर 75 लाख रुपये तक का लोन 8.45 फीसदी की दर से दे रहा है। इसके अलावा अगर लोन अमाउंट 75 लाख रुपये से ज्यादा का है, तो ब्याज दर 8.55 फीसदी है। लेकिन अगर महिलाएं यह होम लोन लें तो उनको 0.05 फीसदी की छूट मिलती है।

एचडीएफसी बैंक में कितना फायदा

वहीं एचडीएफसी बैंक में एडजस्टेबल रेट होम लोन (एआरएचएल) कैटेगरी में नौकरीपेशा महिलाओं के लिए 8.35 से 9.20 फीसदी पर लोन दे रहा है। इसके अलावा अगर महिला सेल्फ इंप्लॉइड है तो उसके लिए ब्याज दर 8.50 से 9.40 फीसदी सालाना तक है। वहीं अन्य लोगों के लिए होम लोन ब्याज दर एआरएचएल के मामले में सैलरीड क्लास कैटेगरी के लिए 8.40 से 9.25 फीसदी सालाना तक है। इसके अलावा सेल्फ इंप्लॉइड के मामले में 8.55 फीसदी 9.45 फीसदी सालाना तक है।

पंजाब नेशनल बैंक में कितना फायदा

पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) में फ्लोटिंग रेट्स के मामले में महिलाओं के लिए होम लोन ब्याज दर 7.95 से 8.30 फीसदी तक है। वहीं अन्य लोगों के लिए यह लोन 8.10 से 8.45 फीसदी पर है। पीएनबी मैक्स सेवर होम लोन स्कीम में महिलाओं के लिए ब्याज दर (फ्लोटिंग) 8.20 से 8.55 फीसदी है। जबकि अन्य लोगों के लिए इस स्कीम में ब्याज दर 8.35 से 8.70 फीसदी सालाना तक है। इसके अलावा पीएनबी की फिक्स्ड रेट होम लोन की दर महिलाओं के लिए 8.85 से 8.90 फीसदी तक है। जबकि अन्य लोगों के लिए ब्याज दर 8.90 से 8.95 फीसदी सालाना तक है।

Comment Here